- साथी ने जान पर खेलकर एक को बचाया, एनडीआरएफ ने छह घंटे बाद बरामद किया शव
महावीर छपरा। बेलीपार थाना क्षेत्र के महोब बेला बांध के पास भौवापार बांध पर शुक्रवार शाम राप्ती नदी में मछली पकड़ते समय दो युवक गहरे पानी में डूबने लगे। साथी युवक ने जान पर खेलकर एक को बचा लिया जबकि दूसरे की तलाश करीब छह घंटे तक जारी रही। शनिवार सुबह एनडीआरएफ की दो नाव की मदद से लापता युवक का शव बरामद किया गया।
भौवापार निवासी अंश निषाद (18) पुत्र उत्तम निषाद, निवेश निषाद (19) पुत्र राजकुमार निषाद और सिद्धांत निषाद (19) पुत्र राजन निषाद शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे नदी में मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान अंश और निवेश गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दोनों को डूबता देख सिद्धांत ने नदी में छलांग लगा दी और निवेश को बाहर निकाल लिया। इस दौरान सिद्धांत की भी हालत बिगड़ गई।
सूचना पर पहुंची बेलीपार पुलिस ने निवेश और सिद्धांत को जिला अस्पताल भेजा। वहीं अंश की तलाश में पुलिस और स्थानीय लोग जुट गए। शनिवार सुबह पांच बजे एनडीआरएफ की दो नाव से तलाश शुरू हुई और करीब 10 बजे अंश का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अंश दो भाइयों में बड़ा था और सेंट जेवियर स्कूल में कक्षा नौ का छात्र था। उसके पिता दुबई में पेंट-पॉलिश का काम करते हैं। घटना की सूचना मिलने पर वह फ्लाइट से रवाना हो गए।
थाना प्रभारी राजकुमार बरवार ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है।