गोरखपुर। नगर निगम की ओर से सरकार के सेवा संकल्प अभियान के तहत पांच से नौ अक्तूबर तक रानी लक्ष्मीबाई पार्क में पांच दिवसीय सेवा सेतु अभियान आयोजित किया जाएगा। शिविर में नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ नए आवेदन, पात्रता सत्यापन और समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया जाएगा।शिविर में नगर निगम से संबंधित कर संबंधी समस्याओं के समाधान के साथ ओटीएस योजना का लाभ दिलाया जाएगा। वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांगजन पेंशन, पीएम आवास योजना, आधार कार्ड बनवाने और संशोधन, राशन कार्ड, आय-जाति-निवास प्रमाणपत्र और महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं के लिए भी स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा आयुष्मान कार्ड बनाने और निशुल्क चिकित्सा जांच के लिए स्वास्थ्य मेला लगेगा। केसीसी, जनधन खाता, कन्या सुमंगला योजना, ई-श्रम कार्ड, बिजली संबंधी समस्याओं, पीएम स्वनिधि और दिव्यांग कल्याण योजनाओं से संबंधित स्टॉल भी होंगे। नगर निगम प्रशासन ने लोगों से पांच से नौ अक्तूबर के बीच शिविर में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है।