जानीपुर। गोला थाना क्षेत्र के जानीपुर ग्रामसभा के राजस्व टोले जगदीशपुर में मंगलवार को 50 वर्षीय मजदूर नेबू लाल गौड़ का शव गांव के बाहर खेत के पास नीम के पेड़ से गमछे के सहारे लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि मृतक नशे की हालत में थे। हालांकि, उन्होंने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी जानकारी नहीं हो सकी है।
जगदीशपुर निवासी नेबू लाल गौड़ मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। इनमें एक पुत्र और दो पुत्रियों की शादी हो चुकी है जबकि दो संतान अविवाहित हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति भी अच्छी नहीं है। उनकी मौत से परिजन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में चीख-पुकार मची है। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी चंद्र प्रकाश पांडेय ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।