गोरखपुर के खजनी थाना इलाके स्थित एक कंबल फैक्टरी में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां चौकीदार के रूप में काम करने वाले युवक के सीने में गोली लगी हुई मिली। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घायल की पहचान शाहपुर थाना क्षेत्र के पादरी बाजार स्थित मानस विहार कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय रोहन सिंह पुत्र भगवान सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रोहन खजनी क्षेत्र की एक कंबल फैक्टरी में चौकीदार का काम करता है।
बुधवार को फैक्टरी परिसर में रोहन के सीने में गोली लगने की जानकारी मिलते ही वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। आनन-फानन उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक उसका इलाज कर रहे हैं। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।