- शाहपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं महिला डॉक्टर, पति समेत चार पर प्राथमिकी दर्ज
गोरखपुर। शाहपुर क्षेत्र की 35 वर्षीय महिला डॉक्टर ने अपने पति, सास-ससुर और ननद पर दहेज उत्पीड़न, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, पति के दूसरी शादी करने और जान से मारने की कोशिश जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पीड़िता वर्तमान में बस्ती जिले में चिकित्सक के पद पर तैनात हैं। उनका आरोप है कि 29 नवंबर 2019 को छत्तीसगढ़ निवासी एनेस्थेसियोलॉजिस्ट से विवाह हुआ था। शादी में करीब 50 लाख रुपये खर्च किए गए लेकिन ससुराल पहुंचने के पहले दिन से ही लग्जरी कार (फॉर्च्यूनर) की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा। पति और अन्य ससुरालियों ने कार खरीदने के लिए लगातार दबाव बनाया।
आरोप है कि पति कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें बेहोश कर देते थे और उनके आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बना लेते थे। बाद में इन्हीं वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया गया। परिवार ने वैवाहिक संबंध बचाने के लिए 28 मार्च 2022 को लग्जरी कार खरीदने के नाम पर 32.50 लाख रुपये दिए। इसके बावजूद प्रताड़ना जारी रही।
आरोप है कि पति ने उनकी 20 लाख रुपये की एफडी भी तुड़वाकर 10 लाख रुपये अपने पास रख लिए। महिला डॉक्टर का आरोप है कि पति के कई महिलाओं से संबंध हैं और बिना तलाक दिए उसने दूसरी डॉक्टर से शादी कर ली। विरोध पर सात मई 2026 को पति और ससुराल पक्ष ने उनके गले में रस्सी बांधकर पंखे से लटकाने की कोशिश की लेकिन रस्सी टूटने से जान बच गई। इसके बाद उन्हें दोनों बच्चों के साथ घर से निकाल दिया गया।
सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि महिला डॉक्टर की तहरीर पर पति, सास-ससुर और ननद के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।