पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव ने कहा कि सपा और बसपा के सरकार में गुंडे-माफिया सड़कों पर एके-47 लेकर घूमते थे। बेटियों का दिनदहाड़े अपहण हो जाता था। अब योगी सरकार ऐसे गुंडों-माफिया की संपत्तियों पर बुलडोजर चलवा रही है। गुंडों-माफिया को उत्तर प्रदेश से बाहर भागना पड़ा है। उन्हें अब पंजाब में शरण मिल रही है।
उन्होंने कहा कि देश बदल रहा है। सत्तर साल तक देश की सत्ता पर काबिज रहने वाले दल के समय में एक रुपये ऊपर से चलता था तो नीचे तक पहुंचने में बड़े हिस्से का बंदरबांट हो जाता था। अब किसानों और योजनाओं के लाभार्थियों के खाते पूरी रकम पहुंच रही है। कहीं बंदरबांट नहीं हो रहा है।
स्वतंत्र देव सिंह ने बस्ती की जनता के दिलों को छू लेने वाले छह ऐसे संकल्प दिलाए, जिस पर पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज गया। उन्होंने कहा कि संकल्प लीजिए कि बेटे-बेटी से गुटखा नहीं मंगवाएंगे। खर्चों में कटौती करके बच्चों को पढ़ाएंगे। ईमानदार और महीने में एक बार गांव में रामनाम का जाप कराने वाले नेता को वोट देंगे। शराब बांटने वाले को वोट नहीं देंगे। माता-पिता की सेवा करेंगे और पत्नी का सम्मान करेंगे। कहा कि जिस घर में माता-पिता की सेवा होती है और पत्नी का सम्मान होता है, वहां सदैव लक्ष्मी का वास होता है।
चाय बेचने वाले ने दी सेहत की गारंटी
प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का खाका पेश किया। आयुष्मान भारत का जिक्र करते हुए कहा कि देश के गरीबों को अब कैंसर से लेकर कई गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए पांच लाख रुपये मिल रहे हैं। गरीबों का यह दर्द चाय बेचने वाला ही समझ सकता है। बस्ती जिले के सिरका का उन्होंने जिक्र किया। कहा कि सिरके ने इस जिले को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई है।