गोरखपुर। धर्मशाला बाजार के भरत मिलाप चौक पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के बारे में अभद्र टिप्पणी करने का विरोध करने पर भाजपा अनुसूचित मोर्चा के महानगर महामंत्री दुर्गेश कुमार कोरी से मारपीट और जातिसूचक गाली देने का मामला सामने आया है। दुर्गेश की तहरीर पर गोरखनाथ थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी मनीष जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। जटेपुर दक्षिणी के कोरी टोला निवासी दुर्गेश कुमार कोरी ने पुलिस को बताया कि बुधवार शाम करीब 6:15 बजे वह भरत मिलाप चौक पर बैठकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नागरिकों को आमंत्रित कर रहे थे।
इसी दौरान सुमेर सागर ताल के पास रहने वाले मनीष जायसवाल वहां पहुंचे। आरोप है कि वह मुख्यमंत्री और भाजपा के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगे। दुर्गेश के मुताबिक, उन्होंने टिप्पणी का विरोध किया तो मनीष ने उनका कॉलर पकड़ लिया और जातिसूचक गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी। मौके पर मौजूद भाजपा नेता और धर्मशाला बाजार के पार्षद बबलू प्रसाद गुप्ता उर्फ छठीलाल, पूर्व पार्षद शशांक शेखर त्रिपाठी, पूर्व पार्षद रविंद्र प्रताप सिंह और बूथ अध्यक्ष रवि गुप्ता मोनू ने हस्तक्षेप किया।
इसके बाद आरोपित को पकड़कर धर्मशाला पुलिस चौकी ले जाया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया। सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि ने दुर्गेश की तहरीर के आधार पर शांति भंग करने, सार्वजनिक स्थल पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने, धमकी देने और दलित उत्पीड़न के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी मनीष जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है।