अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। न्यू कोचिंग काॅम्प्लेक्स में बायो-एफ्लुएंट टेस्टिंग लैब एवं अग्निशामक अनुरक्षण कक्ष का उद्घाटन मंगलवार को अपर महाप्रबंधक डीके सिंह एवं प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर मनोज कुमार अग्रवाल ने किया।
डिपो में बायो-एफ्लुएंट टेस्टिंग लैब के उपलब्ध होने से कोच में लगे बायो टॉयलेट से निकले एफ्लुएंट सैंपल की जांचकर बायो-टैंक की क्रियाशीलता तय की जाएगी। समय-समय पर जांच होने से शौचालयों के चोक हो जाने एवं दुर्गंध की समस्या से यात्रियों को निजात मिल सकेगी। इसके अलावा अग्निशमन उपकरणों की भी समय-समय पर जांच होगी।
इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक एवं प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर ने सिक लाइन का निरीक्षण भी किया। डिपो में चल रहे विभिन्न मॉडिफिकेशन जैसे फीबा मॉडिफिकेशन, एडिशनल डर्ट कलेक्टर मॉडिफिकेशन, इपोक्सी फ्लोरिंग, विनाइल रैपिंग इत्यादि की प्रगति देखी गई। अग्नि सुरक्षा के विषय में बताया गया कि सभी वातानुकूलित कोच में फायर डिटेक्शन सिस्टम, सभी पावर कार एवं पैंट्री कार में फायर डिटेक्शन एंड सप्रेशन सिस्टम तथा सभी एसी एवं नॉन एसी यानों में 2 अदद अग्निशामक भी उपलब्ध करा दिए गए हैं। कार्यक्रम के अंत में अपर महाप्रबंधक एवं प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर ने पौधरोपण भी किया।