गोरखपुर में तीन लाख की फर्राटेदार बाइक से मोबाइल फोन लूट करने के दो आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से पुलिस ने लूटे गए तीन मोबाइल फोन को बरामद कर लिया। मुख्य आरोपी पीयूष सीएमओ का चालक रह चुका है। उसने बताया कि महंगे बाइक के शौक में किस्त पर बाइक खरीदी थी। किस्त भरने के साथी दोस्त संग लूट करने लगा था।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान चिलुआताल के मानीराम सिक्टौर बाजार निवासी पीयूष पांडेय और राजवीर उर्फ छोटू के रूप में हुई है। एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने प्रेस कांफ्रेंस कर पकड़े गए बदमाशों के बारे में जानकारी दी। एसपी ने बताया कि पीयूष सीएमओ के यहां पर चालक था, वहां से निकाले जाने के बाद से वह किस्त पर बाइक खरीदा था।
पीयूष पांडेय ने अपने साथी राजवीर के साथ मिलकर 13 जनवरी को छात्रसंघ पर पैदल जा रहे युवक से मोबाइल फोन लूटा था। फिर 17 जनवरी को राजेंद्र नगर में इन लोगों ने मोबाइल फोन लूटा था। बाइक पर बदमाशों ने कोई नंबर भी नहीं लगाया था।
लूट की जानकारी मिलने के बाद केस दर्ज कर पुलिस तलाश में जुटी थी। ऑपरेशन त्रिनेत्र में लगे सीसी टीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने बाइक सवारों की पहचान कर ली और फिर दोनों को विश्वविद्यालय चौक के पास से शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।