ईंट भट्ठे के अन्य मजदूरों ने कहा कि अभी उन लोगों का भी आधार कार्ड नहीं बना है। युवक ने कहा कि दो-चार दिन में सभी लोगों का आधार कार्ड बनवा देगें। इसके बाद युवक फिर मंगलवार सुबह करीब आठ बजे एक अन्य युवती के साथ बाइक से पहुंचा। उसने रूना से कहा चलो फोटो खिंचवा लो, रूना तैयार होकर युवती और युवक के साथ बच्चा लेकर जाने लगी।
इस बीच रूना का पति नरेश भी साथ चलने को तैयार हो गया। दोनों ने कहां वहां तुम्हारी कोई जरूरत नहीं है, तुम रहने दो अभी बीस मिनट में वापस आ जाएंगे। उधर, रूना देवी पीछे बाइक पर बैठने लगीं तो बीच में बैठी युवती ने कहा कि तुम पीछे बैठ रही हो तुम्हें दिक्कत होगी, लाओ बच्चा मैं ले लेती हूं। यही कह कर युवती ने बच्चा अपनी गोद में ले लिया।
बाइक से तीनों सिक्टौर चौराहा होते हुए महुआतर तिराहे पर स्थित मौर्या फोटो स्टूडियो पर पहुंचे। यहां आरोपियों ने रूना को फोटो खिंचवाने के लिए अंदर जाने को कहा। रूना जैसे ही अंदर गईं बाइक सवार युवक-युवती बच्चे को लेकर फरार हो गए। महिला के बाहर आने के बाद जब बच्चा सहित दोनों गायब मिले तो रूना देवी बदहवास होकर इधर-उधर बच्चे को तलाशने लगी। बच्चा न मिलने पर वह रोने लगीं।
महिला को रोता देख लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच कर रही है। इंस्पेक्टर चिलुआताल विनोद अग्निहोत्री ने बताया कि सीसी टीवी फुटेज की मदद से जांच की जा रही है। पुलिस टीम लगी है, जल्द ही आरोपियों को पकड़ कर बच्चा बरामद कर लिया जाएगा।