गोरखपुर जिले में शाहपुर इलाके के जेल बाईपास स्थित गुलाली वाटिका से पास शनिवार को बाइक सवार बदमाशों ने युवती से मोबाइल लूट लिया। बाइक से भाग रहे बदमाश की शर्ट पकड़ युवती कुछ दूर तक दौड़ी भी लेकिन रफ्तार तेज कर बदमाश भाग निकले। दौड़ने में गिरने से युवती के पैरों में चोट आई है। घटना एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, गुलाली वाटिका निवासी अभय सिंह की बेटी प्रिया सिंह शनिवार की शाम बाजार जा रहीं थीं। रास्ते में पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया। प्रिया ने बहादुरी दिखाते हुए बाइक पर पीछे बैठे बदमाश की शर्ट पकड़ ली और करीब पांच सौ मीटर तक बाइक के साथ दौड़ती रहीं।
खुद को फंसता देख बदमाशों ने बाइक की रफ्तार काफी बढ़ा दी। इससे प्रिया के हाथ से बदमाश की शर्ट छूट गई और वह गिर पड़ीं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
शाहपुर इलाके में दो दिन के भीतर यह दूसरी घटना है। शुक्रवार को ही भाजपा नेत्री का पर्स लेकर बदमाश फरार हो गए थे और इसके बाद मोबाइल लूट की वारदात हुई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।