संवाद न्यूज एजेंसी
उरुवा बाजार (गोरखपुर)। बांसगांव क्षेत्र के हरिहरपुर गांव स्थित गौशाला के पास मंगलवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिगिना बाबू गांव निवासी कन्हैया और शैलेश मंगलवार रात करीब नौ बजे बाइक से भैंसा बाजार से महदेवां बाजार की ओर जा रहे थे। अभी वे हरिहरपुर गौशाला के पास पहुंचे थे कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई।
हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने कन्हैया को मृत घोषित कर दिया। वहीं, शैलेश की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां उसका इलाज चल रहा है।
हरनहीं चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई है, जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है।