सहजनवां (गोरखपुर)। थाना क्षेत्र में फोरलेन पर आपराधिक घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। चार दिन पहले महिला से छेड़खानी और मारपीट की घटना के बाद अब बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, संतकबीरनगर जिले के कोतवाली क्षेत्र के ब्यौरे गांव निवासी जानू भारती अपनी ससुराल सहजनवां थाना क्षेत्र के महुआपार गांव में एक जन्मतिथि समारोह में शामिल होने आए थे। समारोह के बाद वह बुधवार की भोर करीब चार बजे बाइक से अपने घर लौट रहे थे। आरोप है कि भीटीरावत के पास से ही बाइक सवार अज्ञात बदमाश उनका पीछा करने लगे। कसरवल के पास पहुंचते ही बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया और लूटपाट शुरू कर दी।
बदमाशों ने उनकी जेब से 16 हजार 620 रुपये नकद निकाल लिए। पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने पत्नी को कॉल करने के लिए मोबाइल निकाला तो बदमाशों ने वह भी छीन लिया और मौके से भाग निकले। वारदात के बाद पीड़ित ने बदमाशों का पीछा मगहर तक किया, लेकिन वे भागने में सफल रहे। पीड़ित ने थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ गीडा योगेंद्र सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।