देवरिया जिले से सटे बिहार के सिवान जिले के गुठनी थाना क्षेत्र में महिला की हत्या कर शव गायब करने की सूचना पर पहुंची बिहार पुलिस ने शव को देर शाम कालीचरण के घाट से कब्जे में ले लिया। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
बिहार प्रांत के गुठनी थाना क्षेत्र के कुंडेसर गांव की शुभलाल यादव के घर की महिलाएं और हरेराम यादव ने गुठनी थानाध्यक्ष को फोन किया। सूचना दी कि मेरी भतीजी सविता को उसके ससुराल वाले हत्या करके शव को घर में बंद कर फरार हो गए हैं। सूचना पर थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, एएसआई जयलाल राम मौके पर पहुंचे।
सुरेंद्र यादव के घर का ताला तोड़ कमरों की तलाशी ली तो शव नहीं मिला। घर के सामने बैठी मृतका की सास से पुलिस ने जब पूछताछ की तो बताया कि बहू की तबीयत रात में खराब हुई थी। इसे लेकर यूपी के देवरिया हम लोग गए थे।
वहीं उसकी मौत हो गई तो भागलपुर के काली चरण घाट पर अंत्येष्टि के लिए लेकर चले गए। शव जलाने की सूचना पर हरकत में आई पुलिस ने बृहस्पतिवार दोपहर में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ करने लगी। तब उस व्यक्ति ने बताया की शव को भागलपुर काली चरन घाट पर नदी में फेंक दिया गया है।
देर शाम गुठनी पुलिस ने भागलपुर के काली चरण घाट पहुंच शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया। मृत महिला के परिजनों ने हत्या का आरोप लगा गुठनी थाने में तहरीर दी है।