गीडा का भीटी रावत नया औद्योगिक हब बनता जा रहा है। करीब 105 करोड़ रुपये की लागत से उच्च गुणवत्ता वाली हाई डेंसिटी पालिथीलिन (एचडीपीई) संबंधी प्लास्टिक पाइप फैक्ट्री स्थापित करने के लिए गीडा प्रशासन ने जमीन आवंटित कर दी है। आने वाले समय में यहां आदित्य बिड़ला ग्रुप पेंट की फैक्ट्री के अलावा, कोका कोला कंपनी की भी फैक्ट्री स्थापित होगी। ऐसे में गोरखपुर के करीब 1500 युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
पाइप फैक्ट्री से 300 लोगों को रोजगार
भीटी रावत इलाके में करीब 105 करोड़ रुपये की लागत से प्लास्टिक पाइप की फैक्ट्री लगेगी। इससे प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष करीब 300 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। इस फैक्ट्री के लगने से आसपास के 10 जिलों में एचडीपीई पाइप उपलब्ध हो सकेगी। कंपनी अपने उत्पाद को सार्क और खाड़ी देशों में भी बेचेगी। एचडीपीई प्लास्टिक पाइप का उत्पादन करने वाली कंपनी तत्वा प्लास्टिक पाइप्स प्राइवेट लिमिटेड ने गीडा में अपनी फैक्ट्री स्थापित करने के लिए जमीन की डिमांड की थी। गीडा प्रशासन की ओर से सेक्टर-26, ग्राम-भीटीरावत में कंपनी को लगभग 6 एकड़ (25403 वर्गमीटर) से अधिक भूमि आवंटित की है।
आठ महीने में उत्पादन
फर्म को-एक्सट्रूशन व इंजेक्शन माउल्डिंग पद्धति से ऑप्टिकल फाइबर्स एंड सिग्नलिंग केबल डक्टिंग एवं एचडीपीई पाइप का उत्पादन करेगी। लगभग आठ माह में उत्पादन प्रारंभ करना प्रस्तावित है। उत्पादन शुरू होने के बाद गोरखपुर और आसपास के लगभग 10 जनपदों में एचडीपीई पाइप की सुलभता होने का दावा किया जा रहा है।
गीडा के सीईओ पवन अग्रवाल ने बताया कि तत्वा प्लास्टिक पाइप्स प्राइवेट लिमिटेड भीटी रावत स्थित गीडा के सेक्टर-26 में एक अरब की लागत से फैक्ट्री लगाने जा रही है। कंपनी को करीब छह एकड़ भूमि उपलब्ध करा दी गई है। आठ महीने में कंपनी उत्पादन शुरू कर देगी। कंपनी करीब 300 लोगों को रोजगार देगी। इसके अलावा कोका कोला कंपनी और आदित्य बिड़ला ग्रुप ने भी फैक्ट्री लगाने के लिए प्रस्ताव दिया है।