- आश्रम में क्रांतिकारी शचींद्र नाथ सान्याल की स्थापित होगी आदमकद प्रतिमा
- लाइब्रेरी, म्यूजियम सहित पर्यटन सुविधाओं से संबंधित होने हैं काम
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। दाउदपुर में स्थित भारत सेवाश्रम का तीन करोड़ रुपये से जीर्णोद्धार होगा। इसके लिए शासन ने बजट की पहली किस्त के रूप में 1.53 करोड़ अवमुक्त कर दिए गए हैं। टेंडर की प्रक्रिया चल रही है, जल्द ही कार्य प्रारंभ हो जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वासंतिक नवरात्रि की नवमी तिथि पर भारत सेवाश्रम गए थे। यहां स्थापित देवी की प्रतिमा की उन्होंने पूजा-अर्चना की थी। इस दौरान आश्रम प्रभारी स्वामी नि:श्रेयसानंद ने क्रांतिकारी शचींद्र नाथ सान्याल के बारे में मुख्यमंत्री को बताया, साथ ही आश्रम में उनकी प्रतिमा स्थापित कराए जाने की योजना की जानकारी दी।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने जहां प्रतिमा स्थापित होनी थी, वहां का निरीक्षण किया और जिम्मेदारों को निर्देश दिया कि आश्रम में शचींद्र नाथ सान्याल की आदमकद प्रतिमा, सभागार, लाइब्रेरी, म्यूजियम और पेयजल की व्यवस्था का प्रस्ताव बनाकर जल्द भेजा जाए।
मुख्यमंत्री के निर्देेश पर पर्यटन विभाग ने 3.6 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा, जिसके बाद आश्रम के जीर्णोद्धार के लिए बजट के लिए 1.53 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी गई है।
-
वर्ष 2000 में स्थापित हुआ था आश्रम
आश्रम के प्रभारी स्वामी नि:श्रेयसानंद ने बताया कि संस्था का गोरखनाथ मंदिर से बहुत पुराना जुड़ाव है। संस्था के संस्थापक स्वामी प्रणवानंद का जन्म पूर्वी बंगाल में हुआ था। केवल 12 वर्ष की अवस्था में उन्होंने गोरखपुर में योगिराज बाबा गंभीरनाथ से योग की दीक्षा ली थी। इसके बाद समाज को योग की शिक्षा देने में जुट गए। बताया कि गोरखपुर में आश्रम की स्थापना सन 2000 में हुई थी।
सान्याल ने यहीं ली अंतिम सांस
क्रांतिकारी शचींद्र नाथ सान्याल का ज्यादातर जीवन जेल में ही बीता, इसलिए उनके बेटे रंजीत और बेटी अंजलि की पढ़ाई की जिम्मेदारी उनके भाई रवींद्र नाथ सान्याल ने उठा रखी थी। चूंकि रवींद्र सेंट एंड्रयूज काॅलेज में शिक्षक थे, इसलिए उनके साथ रहकर शचींद्र के बेटे व बेटी गोरखपुर मेंं ही पढ़े। तीन जून 1893 को वाराणसी में जन्मे सान्याल को 50 वर्ष की उम्र में टीबी हो गई थी। डॉक्टरों की सलाह पर वह अपने भाई के पास गोरखपुर आ गए, जहां सात फरवरी 1942 में उन्होंने दाउदपुर स्थित अपने आवास में आखिरी सांस लीं।
कोट
मुख्यमंत्री के निर्देश पर भारत सेवाश्रम में विभिन्न कार्यों के लिए 3.7 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। शासन से बजट की पहली किस्त जारी हो गई है। टेंडर की प्रक्रिया चल रही है, जल्द ही काम शुरू हो जाएगा।
- रविंद्र कुमार मिश्रा, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी