टीपीनगर से लेकर देवरिया बाईपास तिराहा के आगे तक फ्लाईओवर बनाने के लिए जगह जगह बैरिकेडिंग कर दी गई है। इस वजह से सड़क पर एक लेन से दूसरी ओर नहीं जा सकते हैं। जहां पर सड़क खुली है। वहां पर मिट्टी का ढेर लगा हुआ है। बारिश होने पर मिट्टी के ढेर की वजह से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। वाहन लेकर लोगों को गलत साइड से चलना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत बाइक सवारों को हो रही है।
रविवार की दोपहर 01:11 बजे फलमंडी के सामने से बेतियाहाता जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया गया था। इस रोड पर टीपीनगर जाने वाली लेन पर पेट्रोल पंप है। बारिश होने से फलमंडी की दुकानों के सामने कीचड़ फैला हुआ था। दोनों ओर से लोग कीचड़ और मिट्टी से जूझते हुए बाहर निकल रहे थे। इससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। दुकानदारों ने कहा कि रोजाना ऐसे ही हालत हैं। यही हालत दूसरी लेन पर थी। दक्षिणी बेतियाहाता, रुस्तमपुर चौराहा, दाउदपुर की ओर लोग जूझते नजर आए।
पैडलेगंज से नौसड़ सिक्सलेन।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर शहर में मेडिकल कॉलेज रोड के खजांची चौराहे पर फ्लाईओवर बनाया जा रहा है। इस फ्लाईओवर के निर्माण के कारण पादरी बाजार से खजांची होते हुए बरगदवां जाना मुश्किल हो गया है। फ्लाईओवर के किनारे सर्विस लेन नहीं बनी है। इसलिए, पादरी से मेडिकल कॉलेज रोड पर जाने वाले लोग वैकल्पिक रोड गांधीपुरम मोहल्ले से होकर राप्ती नगर चौराहे पर पहुंचते हैं। बरसात में इस रोड की हालत खराब हो गई है।
दोपहर 02.49 बजे इधर से गुजरने वाले वाहन हिचकाले खाते हुए निकल रहे थे। उधर से जा रहे जंगल सालिकराम निवासी कन्हैया ने कहा कि पहले सड़क ठीक थी। लेकिन, अब यह खराब हो गई है। इसलिए कुछ लोग निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे से रिस्क उठाकर आ जा रहे हैं। इस रोड पर पादरी बाजार चौराहे पर फ्लाईओवर बनाने को शासन ने मंजूरी दे दी है। जल्द ही इसका काम भी शुरू कराए जाने की संभावना है।
शहर में यहां पर चल रहे निर्माण कार्य
- पैडलेगंज से टीपी नगर तक सिक्स लेन रोड निर्माण कार्य
- टीपीनगर से देवरिया बाईपास तिराहा तक सिक्सलेन फ्लाईओवर पैडलेगंज से फिराक गोरखपुर चौराहे तक फोरलेन सड़क निर्माण कार्य
- खजांची चौराहे पर फ्लाईओवर निर्माण कार्य
- जेल बाईपास बरगदवां रोड पर नकहां रेलवे स्टेशन के पास ओवरब्रिज निर्माण बालापार रोड के महुआतार रेलवे गेट पर ओवरब्रिज निर्माण
- गोरखपुर जंक्शन ओर डोमिनगढ़ के बीच गोरखनाथ के समानांतर रेल ओवरब्रिज
खचांजी चौराहे के पास बन रहा फ्लाईओवर।
- फोटो : अमर उजाला।
परिचितों के घर खड़ी कर रहे अपनी कार
निर्माण कार्य की वजह से लोगों को दिक्कत हो रही है। पैडलेगंज से नौसड़ तक सिक्सलेन बनाए जाने से बेतियाहाता दक्षिणी, रुस्तमपुर, दाउदपुर मोहल्ले के लोग अपनी कारों को परिचितों के घरों पर खड़ी कर रहे हैं, क्योंकि अधिकांश लोगों के पास अपने घर जाने का कोई रास्ता नहीं है।