पूर्वोत्तर रेलवे की ट्रेनों में एसी कोच में सफर करने वाले यात्रियों को 21 मार्च से बेडरोल (कंबल, चादर, तकिया) मिलने लगेगा। अभी 26 जोड़ी ट्रेनों में व्यवस्था शुरू की गई है। इसमें गोरखधाम एक्सप्रेस सहित गोरखपुर से चलने वाली छह ट्रेनें शामिल हैं। अन्य ट्रेनों में अगले चरण में बेडरोल दिए जाएंगे। रेल प्रशासन ने इसकी तैयारियां शुरू करा दी हैं।
कोरोना संक्रमण के चलते बीते दो वर्षों से ट्रेनों के वातानुकूलित कोचों से पर्दों एवं लिनेन आपूर्ति कार्य को बंद कर दिया गया था। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे की 54 ट्रेनों के 78 रेकों में यात्रियों को बेडरोल दिया जाता है।
हाल के दिनों में इन ट्रेनों में वातानुकूलित कोचों की संख्या में वृद्धि हुई है। ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेनें भी अब चलेंगी। इसे ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन पर्याप्त मात्रा में साफ-सुथरी चादर, तकिया, तकिया कवर, तौलिया एवं कंबल की व्यवस्था में जुट गया है।