ब्यूटी पार्लर संचालिका की हत्या के मामले की फिर होगी जांच
गोरखपुर। चौरीचौरा इलाके के टेल्हनापार गांव में ब्यूटी पार्लर संचालिका आशा देवी की हत्या के मामले की फिर से जांच होगी। डीआईजी/एसएसपी जोगेंद्र कुमार के निर्देश पर एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, आशा देवी के पति नीरज कन्नौजिया ने डीआईजी/एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर सीओ चौरीचौरा पर विवेचना में चार आरोपितों का नाम केस से निकालने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की दोबारा जांच कराकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
जानकारी के मुताबिक, आठ मई 2020 को ब्यूटी पार्लर संचालिका आशा देवी की हत्या कर दी गई थी। पति नीरज कन्नौजिया ने डीआईजी को दिए प्रार्थना पत्र में लिखा है कि चौरीचौरा पुलिस ने इस मामले में टेल्हनापार गांव के रहने वाले सिपाही की पत्नी ज्ञांती देवी, उसके बेटे अंकित यादव, डिंपल यादव, अखिलेश यादव, पूजा और खुशबू पर हत्या का केस दर्ज किया था। घटना के दो दिन बाद तत्कालीन थानेदार ने अंकित व उसकी मां ज्ञांती देवी को जेल भिजवाया था। बाकी आरोपित फरार चल रहे थे। मामले की विवेचना कर रहे सीओ ने बाद में फरार आरोपितों का नाम केस से निकाल दिया।