ट्रैफिक पुलिस के नाक के नीचे निजी बस चालकों की मनमानी रुकने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार की सुबह एक निजी बस का चालक बस स्टेशन के अंदर खड़ी रोडवेज बस से सवारी उतार कर अपनी बस में बैठाने लगा। इस पर रोडवेज कर्मचारियों ने निजी बस चालक को पकड़ कर पिटाई कर दी। कर्मचारियों ने घटना की जानकारी टीएसआई रामबृक्ष यादव को दी। इस पर पुलिस के सामने ही बस चालक परिवह निगम के कर्मचारी का पैर पकड़ कर माफी मांगने लगा और फिर से गलती न करने का वादा किया।
मिला जानकारी के मुताबिक शनिवार को बस स्टेशन परिसर में एक बस दिल्ली के लिए सुबह सवारी भर रही थी। इस दौरान एक निजी बस चालक बस स्टेशन के पास बस को खड़ा कर दिया और अंदर खड़ी रोडवेज की बस में घुस गया। उसने दिल्ली जाने वाली सवारियों को रोडवेज से उतारकर अपनी बस में बैठाने लगा।
काफी संख्या में सवारियों को अपने झांसे में लेकर बस स्टेशन से निकल रहा थी, इसी दौरान परिवहन निगम के कर्मचारियों ने निजी बस चालक को दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी।
चालक अपनी जान बचाने के लिए भागने लगा तो कर्मचारियों ने उसको पकड़ लिया और टीएसआई को बुला कर सौंप दिया। टीएसआई ने बताया कि बस का चालान कर दिया गया है।