गोरखपुर जिले के गुलरिहा इलाके के जंगल डुमरी नंबर दो में स्थित पेट्रोल पंप पर रविवार को सिक्का लेने से मना करने पर मनबढ़ों ने कर्मचारियों की पिटाई कर दी। एक कर्मचारी को गंभीर चोट आई है। घटना सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर संजीत और छह अज्ञात लोगों के विरुद्ध मारपीट, धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, पेट्रोल पंप मालिक ने तहरीर में लिखा है कि रविवार की दोपहर लगभग 12 बजे थाना क्षेत्र के ग्राम जंगल सखनी निवासी संजीत पेट्रोल भराने पहुंचा। पेट्रोल भरवाने के बाद सिक्का देने लगा कर्मचारियों ने पेट्रोल का पूरा दाम सिक्के के रूप में लेने से मना कर दिया।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। थोड़ी देर बाद 6 लोगों के साथ पहुंचे युवकों ने कर्मचारियों पर हमला बोल दिया। जिसमें कर्मचारी व महराजगंज के पनियरा निवासी शैलेश को सिर में गंभीर चोट आई है। इस संबंध में एसएसआई अमित कुमार राय ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है।