पीड़िता की तहरीर पर गोरखनाथ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की
गोरखपुर। गोरखनाथ थाना क्षेत्र में जमानत पर छूटे आरोपी ने पीड़िता को कॉल कर जान से मारने की धमकी दी है। मामले में पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लच्छीपुर इंडस्ट्रियल एरिया निवासी युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कुशीनगर के खैरेटिया निवासी आकाश यादव पहले भी उन्हें तेजाब फेंकने की धमकी देता था। उनके नाम से फर्जी आईडी बनाकर आपत्तिजनक बातें सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था। इस मामले में वर्ष 2024 में आईटी एक्ट और अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने जमानत पर छूटने के बाद उनके घर में घुसकर गाली-गलौज की और तेजाब फेंकने की कोशिश की थी। तब गोरखनाथ थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। तहरीर के अनुसार, आरोपी को हाल ही में हाईकोर्ट से जमानत मिल गई। जमानत पर बाहर आने के बाद 11 मार्च की रात करीब 9:21 बजे और 12 मार्च दोपहर 1:34 बजे आरोपी ने पीड़िता को फोन कर धमकी दी कि यदि मुकदमों में समझौता नहीं किया गया तो वह उसे और उसके पूरे परिवार को जान से मार देगा। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।