गोलघर पुलिस चौकी के सामने लगाए जाएंगे बोलार्ड, दूसरे स्थान पर शिफ्ट होगा बैरियर
व्यापारियों की मांग पर नगर निगम ने शुरू कराई कार्रवाई, जल्द चालू होंगे बंद साउंड सिस्टम और फव्वारे
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। गोलघर स्थित इंदिरा बाल विहार की चटोरी गली में ग्राहकों के आवागमन की राह आसान बनाने के लिए नगर निगम ने बैरियर और बोलार्ड की शिफ्टिंग शुरू करा दी है। अब बोलार्ड गोलघर पुलिस चौकी के सामने लगाए जाएंगे, जबकि बैरियर को बोलार्ड वाले स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा। कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज की यूनिट 42 के स्थानिक अभियंता केएम सिंह ने बुधवार दोपहर काम शुरू कराया।
मंगलवार को नगर निगम सभाकक्ष में मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और नगर आयुक्त अजय जैन की मौजूदगी में चटोरी गली के व्यापारियों के साथ हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया था। व्यापारियों ने बताया था कि नॉवेल्टी क्लाथ की तरफ लगे बोलार्ड के कारण वहां चार पहिया वाहन खड़े हो जाते हैं, जिससे ग्राहकों और दुकानदारों को परेशानी होती है। बोलार्ड और बैरियर की व्यवस्था बदलने से आवागमन आसान होने की उम्मीद है।
नगर निगम की ओर से चटोरी गली में बंद पड़े साउंड सिस्टम और फव्वारे को भी जल्द चालू कराने की तैयारी है। बुधवार को बोलार्ड हटाने और उन्हें नए स्थान पर व्यवस्थित करने की कार्रवाई शुरू होने पर गोरखपुर उद्योग व्यापार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष नितिन कुमार जायसवाल, विवेक अग्रवाल, प्रदीप टेकरीवाल और निकुंज टेकरीवाल ने मेयर व नगर आयुक्त का आभार जताया। उन्होंने एसएसपी निवास की तरफ से भी बोलार्ड हटाने की मांग की, ताकि रास्ते पर डेड-एंड जैसी स्थिति न बने। वहीं, इंदिरा बाल विहार चटोरी गली व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनिल सिंह, उपाध्यक्ष दिग्विजय सिंह और महामंत्री उपेंद्र यादव ने भी नगर निगम की पहल पर हर्ष जताया।