समर्थकों ने दिन भर किया टेंपो हाई
समर्थकों ने अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में पूरे दिन नारेबाजी की। मुख्य प्रवेश द्वार पर प्रत्याशियों का जमावड़ा रहा। वे अंतिम समय तक मतदाताओं को लुभाते नजर आए। बैनर पोस्टर भी लगाए गए थे। प्रत्याशियों ने मतदाताओं की सुविधा के लिए अपने-अपने काउंटर लगाए थे, जहां बैठकर समर्थक मतदाता सूची से नाम खोजकर पर्ची बनाते थे।
खर्चीला हुआ चुनाव
आम अधिवक्ताओं का मानना है कि चुनाव अब खर्चीला हो गया है। बैनर, पोस्टर टी शर्ट आदि खर्चों को वहन कर पाना आम अधिवक्ताओं के बस की बात नहीं है। युवाओं की सक्रियता ने चुनाव को हाईटेक बना दिया है। ग्रुप मैसेज, फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्ट्राग्राम आदि सोशल साइट्स का भी उपयोग किया गया।
नान रेजिडेंट और बाहरी से बार की गरिमा हो रही धूमिल
सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव को नान रेजिडेंट और बाहरी प्रभावित करने लगे हैं। विगत वर्षों से इनका दखल कुछ ज्यादा हो गया है। वरिष्ठ अधिवक्ता इससे काफी हैरान हैं। उनका मानना है कि यह एसोसिएशन विद्वानों और बुद्धिजीवियों का संगठन है। इसकी अपनी गरिमा और परंपरा रही है। चुनाव शालीनता और बड़प्पन के साथ होना चाहिए। हाल के वर्षों में हुए चुनावों ने एसोसिएशन की गरिमा को प्रभावित किया है। इस बार चुनाव में बाहरी को परिसर में लाकर नारेबाजी कराने से कई अधिवक्ता दुखी और क्षुब्ध नजर आए। चर्चा है कि कुछ प्रत्याशियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ा है। इसी वजह से गंभीर लोग दूर रहे हैं।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि मुझे विजयी बनाने और अपना अमूल्य मत देने के लिए सभी अधिवक्ताओं को हृदय से धन्यवाद। विश्वास दिलाता हूं कि आप सबकी उम्मीदों पर खरा उतरूंगा।
नवनिर्वाचित मंत्री धीरेंद्र कुमार द्विवेदी ने कहा कि सभी मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करता हूं। यह अधिवक्ताओं का मेरे प्रति विश्वास की जीत है। विश्वास की इस डोर को टूटने नहीं दूंगा। हमेशा अधिवक्ताओं के हित में खड़ा रहूंगा।