बांसगांव थाना क्षेत्र के बलुआ बुजुर्ग गांव में हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड में पुलिस ने महज चार दिनों में चार्जशीट तैयार कर ली है। अब इसे जल्द ही न्यायालय में दाखिल करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि विवेचना के दौरान जुटाए गए वैज्ञानिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के साथ फॉरेंसिक रिपोर्ट और गवाहों के बयान के आधार पर मुकदमे को मजबूत बनाया गया है।
यह सनसनीखेज घटना 22 जून की तड़के करीब तीन बजे हुई थी। आरोप है कि 16 वर्षीय नाबालिग ने सोते समय अपने बड़े भाई अमित गुप्ता, भाभी रंजना गुप्ता और तीन वर्षीय भतीजे रेयांश की धारदार हथियार से हत्या कर दी थी। वारदात के समय कमरे में मौजूद मासूम बच्ची ने पुलिस को बताया था कि उसके चाचा ने ही परिवार के सदस्यों पर हमला किया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।
पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर जांच शुरू की थी। विवेचना के दौरान घटनास्थल से मिले साक्ष्य, हत्या में इस्तेमाल हथियार, फॉरेंसिक टीम की रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान को चार्जशीट में शामिल किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्य अभियोजन पक्ष को मजबूती देंगे। न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर आरोपी को जल्द सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी। चार दिन में विवेचना पूरी कर चार्जशीट तैयार करना पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
बोले अधिकारी
पुलिस ने साक्ष्यों के साथ चार्जशीट तैयार कर ली है। जल्द ही इसे कोर्ट में दाखिल कर प्रभावी पैरवी की जाएगी ताकि आरोपी को जल्द से जल्द सजा मिल सके: दिनेश कुमार पुरी, एसपी साउथ