गोरखपुर। कैंट क्षेत्र में ऑटो रिक्शा में छूटा करीब 34 लाख रुपये के आभूषणों से भरा बैग पुलिस ने 12 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने ऑटो की पहचान कर चालक से संपर्क किया और बैग व आभूषण बरामद कर लिया। सामान का सत्यापन करने के बाद उसे उसके मालिक के सुपुर्द कर दिया गया।
राप्तीनगर फेज-एक के गणेशपुरम निवासी सुधांशु बरनवाल शनिवार को ऑटो से मोहद्दीपुर से कुनराघाट जा रहे थे। कुनराघाट पहुंचने पर वह ऑटो से उतर गए, लेकिन कपड़ों और करीब 34 लाख रुपये के आभूषणों से भरा बैग ऑटो में ही छूट गया। कुछ दूर जाने के बाद उन्हें बैग छूटने की जानकारी हुई। सुधांशु ने उसी रात करीब 11 बजे कैंट थाने की मोहद्दीपुर पुलिस चौकी पर इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मोहद्दीपुर से कुनराघाट के बीच और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज के आधार पर उस ऑटो की पहचान कर पुलिस ने चालक से संपर्क किया। पुलिस टीम ने ऑटो चालक से संपर्क करने के बाद बैग बरामद कर लिया। करीब 12 घंटे के भीतर बैग व आभूषण मिलने के बाद आवेदक को पुलिस चौकी बुलाया गया।
सामान की पहचान और आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने पूरा बैग सुरक्षित सुधांशु बरनवाल को सौंप दिया। कीमती सामान वापस मिलने पर उन्होंने पुलिस की तत्परता की सराहना की।