उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के कराहपीठिया गांव निवासी बैडमिंटन के राष्ट्रीय खिलाड़ी शिवम मिश्र इन दिनों इंडोनेशिया में फंसे हैं। वे 15 मार्च को खुद के खर्च पर एक माह का प्रशिक्षण लेने इंडोनेशिया गए थे। लॉकडाउन की वजह से वहां फंस गए।
अब प्रशिक्षण संस्थान उनसे दो माह का प्रशिक्षण शुल्क 2.63 लाख रुपये मांग रहा है। प्रशिक्षण कंपनी के शुल्क मांगने से परेशान पिता कृष्ण कुमार मिश्र ने शासन व प्रशासन से सहायता की गुहार लगाई है।
शिवम के पिता कृष्ण कुमार मिश्र ने बताया कि बेटा शिवम कुमार मिश्र बाबू बनारसी दास बैडमिंटन एकेडमी लखनऊ में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा है। वह अंडर-19 का अंतरराष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी है। एक माह के प्रशिक्षण के लिए वह 15 मार्च को इंडोनेशिया गया था, जहां प्रशिक्षण के दौरान लॉकडाउन लग जाने के कारण फंस गया। वह किसान हैं।