गोरखपुर। संत निरंकारी मिशन के संत निरंकारी सत्संग भवन सूर्यकुंड में आयोजित प्रेरणा दिवस संत समागम श्रद्धा, भक्ति और मानवता के संदेश से सराबोर रहा। समागम में मंचासीन महात्मा डॉ. एमडी मिश्रा ने कहा कि बाबा हरदेव जीवन पर्यंत मानवता का कल्याण करते रहे।
डॉ. एमडी मिश्रा ने कहा कि बाबा हरदेव सिंह महाराज ने जीवनभर प्रेम, भाईचारे और सेवा का संदेश दिया। उनका व्यक्तित्व विनम्रता, मधुरता और मानवता के प्रति समर्पण का प्रतीक था। उन्होंने बाबा की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि समस्या का कारण नहीं, समाधान बनें और दलीलों से नहीं, दिल जीतने से बात बनती है जैसे संदेश आज भी समाज को नई दिशा दे रहे हैं। समागम में श्रद्धालुओं ने बाबा जी के जीवन आदर्शों को अपनाने और प्रेम, सद्भाव तथा मानव सेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान भक्ति गीतों और विचारों के माध्यम से वातावरण आध्यात्मिक भावनाओं से ओतप्रोत रहा।