मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय गोरखपुर के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ईसीई) विभाग में बीटेक अंतिम वर्ष की छात्रा अनुप्रिया निषाद वालमार्ट ग्लोबल टेक्नोलॉजी लि. में सॉफ्टवेयर डेवलपर के रूप में चयनित हुई हैं। उन्हें 20.67 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर कंपनी में नियुक्ति मिली है।
अनुप्रिया ने बताया कि वह एमएमएमयूटी की ईसीई अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही हैं। बीटेक द्वितीय वर्ष में थी तब उनके एक सीनियर की नौकरी सॉफ्टवेयर डेवलपर के रूप में एक बहु राष्ट्रीय कंपनी में लगी। सीनियर ने उन्हें भी कोडिंग सीखने की प्रेरणा दी।
बताती हैं कि ईसीई की पढ़ाई के साथ ही उन्होंने कोडिंग के लिए ऑनलाइन क्लास और सीनियर्स से गाइडेंस लेनी शुरू की। कोडिंग की ऑनलाइन टेस्ट सीरीज पर परीक्षाएं देकर तैयारी की। इसके बाद वालमार्ट ग्लोबल टेक्नोलॉजी लि. में सॉफ्टवेयर डेवलपर के पद का आवेदन किया।
बेटी की सफलता से गदगद पिता रामू प्रसाद और माता सुशीला ने बताया कि इसके पहले अनुप्रिया का चयन बैंक ऑफ न्यूयॉर्क मेलन में हो चुका है। अनुप्रिया ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने भी अनुप्रिया को बधाई दी है।