गोरखपुर के तिवारीपुर में बी.फॉर्मा की पढ़ाई कर रही अर्चना की आत्महत्या की गुत्थी ने पुलिस को भी उलझा दिया है। पुलिस की जांच दो बातों पर आकर टिक जा रही है। पहला पढ़ाई का बोझ, दूसरा कुछ और...।
इन्हीं दो पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने अपने स्तर से जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता कर रही है कि छात्रा की मनोदशा सही नहीं थी तो मां दो दिन पहले उसे छोड़कर गांव क्यों चली गई। वहीं, पुलिस ने छात्रा का मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस को उम्मीद है कि मोबाइल से राज खुल सकते हैं।
पुलिस को मौके से फिलहाल कोई सुसाइड नोट समाचार लिखे जाने तक नहीं मिला है। न ही बहन कुछ बता पा रही है। बहन को भी इतनी बड़ी घटना का कारण समझ नहीं आ रहा है। क्योंकि, वह जब एमएमएमयूटी के लिए निकली तो सब कुछ सामान्य था।
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर में बी.फार्मा की छात्रा ने फंदा लगाकर की खुदकुशी, घरवाले भी हैरान
उसे इस बात की जरा भी आशंका नहीं थी कि आने के बाद बहन को इस हाल में देखेगी। पुलिस के मुताबिक, बहन ने भी कुछ ऐसे कारण नहीं बताए हैं कि जिससे यह पता चल सके कि आखिर अर्चना ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया।
वहीं, परिजन भी इस मामले में कुछ भी कहने से बच रहे हैं। बता दें कि महराजगंज जिले के बृजमनगंज थाना क्षेत्र के लेहड़ा बाजार खुरमनहा निवासी अर्चना रैना (23) पुत्री मंगरू रैना गोरखपुर के तिवारीपुर इलाके में तकिया कवलदह मोहल्ले में रहकर बी.फाॅर्मा की पढ़ाई कर रही थी। इस साल बी.फार्मा का अंतिम वर्ष था। मंगलवार की दोपहर पंखे से दुपट्टे के बने फंदे से लटकती उसकी लाश मिली।