पंचायत सशक्तीकरण योजना के तहत हुई पुरस्कृत
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर जिले की दो पंचायतें पंडित दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तीकरण योजना के तहत पुरस्कृत हुई हैं। इनमें एक पिपराइच ब्लॉक की ग्राम पंचायत अराजी बसडीला तो दूसरी खोराबार ब्लॉक की ग्राम पंचायत छितौना है। शनिवार को पंचायतीराज दिवस के मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी दिल्ली से बटन दबाकर ठीक दोपहर 12:08 बजे इन दोनों पंचायतों के खातों में पुरस्कार की रकम भेजेंगे।
अराजी बसडीला को 15 लाख रुपये तो छितौना ग्राम पंचायत को पुरस्कार स्वरूप 12 लाख रुपये मिलेंगे। पंचायती राज विभाग की ओर से मिले बजट का सदुपयोग कर ग्रामीणों के लिए बेहतर सुविधाओं की व्यवस्था करने पर इन पंचायतों को पुरस्कृत करने के लिए चुना गया है। प्रदेश से 29 ग्राम पंचायतों का चयन इस पुरस्कार के लिए किया गया है। ग्राम पंचायतों के अलावा प्रदेश में दो जिला पंचायतों एवं चार क्षेत्र पंचायतों को भी यह पुरस्कार मिलेगा।
अराजी बसडीला एवं छितौना ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन, ग्राम सचिवालय, अंत्येष्टि स्थल सहित कई तरह की सुविधाएं दी गई हैं। इस पुरस्कार के लिए आए आवदेनों पर विचार के लिए गठित जिला स्तरीय कमेटी ने जिले की छह ग्राम पंचायतों को चुना था। इसके बाद दूसरे मंडल से आई कमेटी एवं राज्य स्तरीय कमेटी ने इन ग्राम पंचायतों में दी गई सुविधाओं की जांच की और उनकी रिपोर्ट के आधार पर गोरखपुर की इन दो पंचायतों का चयन किया गया। प्रदेश में गोरखपुर ही ऐसा जिला है, जहां की दो ग्राम पंचायतों को इस सूची में शामिल किया गया है।
डीपीआरओहिमांशु शेखर ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर प्रदेश की 29 ग्राम पंचायतों को दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तीकरण योजना के तहत प्रधानमंत्री के द्वारा पुरस्कार मिलेगा। इसमें गोरखपुर की दो ग्राम पंचायतें शामिल हैं। इस उपलब्धि के लिए विभाग के सभी कर्मचारी, ग्राम पंचायत की पूरी कार्यकारिणी बधाई की पात्र है।