- फास्टपास पर प्राधिकरण ने शुरू की तीन नई सुविधाएं
गोरखपुर। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी और आसान सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। भवन मानचित्र स्वीकृति और शमन (कंपाउंडिंग) प्रक्रिया को सरल बनाते हुए फास्टपास (फास्ट एंड सिंप्लीफाइड ट्रस्ट बेस्ड प्लान अप्रूवल सिस्टम) पोर्टल पर तीन नई सुविधाएं लाइव कर दी गई हैं।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब लोगों को नक्शा पास कराने या भवन संबंधी प्रक्रियाओं के लिए प्राधिकरण कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नागरिक घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे और प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से पूरा किया जा सकेगा।
फास्टपास पोर्टल पर शुरू किए गए नए मॉड्यूल में प्लिंथ लेवल स्वीकृति सुविधा प्रमुख है। इसके माध्यम से भवन निर्माता और आम नागरिक निर्माण के फाउंडेशन या कुर्सी स्तर की मंजूरी के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इससे जांच और स्वीकृति प्रक्रिया में लगने वाले समय में कमी आएगी। इसके अलावा पुराने सिस्टम के तहत किए गए आवेदनों के लिए ‘ओल्ड लैंड यूज वेरिफिकेशन’ मॉड्यूल शुरू किया गया है। आवेदक अपना पुराना ओबीपीएस फाइल नंबर और जरूरी जानकारी दर्ज कर सत्यापन करा सकेंगे। सत्यापन के बाद सिस्टम नई फास्टपास आईडी जारी करेगा, जिसके जरिये प्लिंथ अप्रूवल का प्रस्ताव नए सिस्टम पर भेजा जा सकेगा। वहीं, भवन में स्वीकृत नक्शे से मामूली बदलाव या निर्माण विचलन के लिए शमन आवेदन भी अब ऑनलाइन किया जा सकेगा। प्राधिकरण उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के अनुसार, इस व्यवस्था का उद्देश्य परमिट प्रक्रिया को भरोसे पर आधारित बनाना है, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और बिचौलियों की भूमिका कम होगी। नागरिक, आर्किटेक्ट और डेवलपर इन सुविधाओं का लाभ उत्तर प्रदेश सरकार के आधिकारिक मानचित्र पोर्टल map.up.gov.in पर लॉगिन कर उठा सकते हैं।