ग्रामीणों द्वारा पकड़ा गया चोर।
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर कोतवाली के निबही गांव में शनिवार की रात दरवाजे पर खड़ी बाइक चुराकर भागने के दौरान गांव वालों ने बाइक सहित चोर को दबोच लिया। दो बाइक सवार चार चोरों में से तीन अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में कामयाब हो गए। चोरों ने गांव वालों को नकली असहला दिखाकर धमकाने का प्रयास किया। लेकिन गांव वालों ने हिम्मत दिखाकर उनमें से एक को दबोच लिया। गांव वालों ने चोर को पेड़ से बांध कर जमकर पीटने के बाद पुलिस को सौप दिया।
रुद्रपुर कोतवाली के निबही गांव के रहने वाले ऋषिकेश यादव पुत्र रामजीत यादव शनिवार की रात दरवाजे पर बाइक खड़ी कर खाना खाने के बाद सोने चले गए। रात एक बजे के करीब दो बाइक पर सवार चार वाहन चोर उनके दरवाजे पहुंचे। वे दरवाजे पर खड़ी बाइक को चुराने का प्रयास करने लगे। इसी बीच परिवार के लोगों की नींद खुल गई। लोगों ने शोर मचाया तो दो वाहन चोर एक बाइक से बैठकर फरार हो गए। ग्रामीणों ने एक वाहन लिफ्टर को दौड़ा दिया। इस पर वह नकली असलहा दिखाकर फायरिंग करने की धमकी देने लगा इसी बीच ऋषिकेश ने युवक को दबोच लिया। ग्रामीणों ने उसे पेड़ में बांधकर जमकर पिटाई की।
किसी ने इसकी सूचना डायल 112 को दे दी। सूचना पर गांव में पहुंची पुलिस ने वाहन चोरर से पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम आनंद यादव पुत्र रविंद्र यादव निवासी अकटहिया उर्फ मटियरी गांव के बनघुईया टोला बताया। उसने बताया कि उसके तीनों साथी गोरखपुर जिले के झंगहा थाना क्षेत्र के गोबरउल गांव के रहने वाले हैं। ग्रामीणों ने वाहन चोर और उसकी बाइक को पुलिस को सौंप दिया। बरामद बाइक भी चोरी की निकली। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस बाबत इंस्पेक्टर जितेंद्र तिवारी ने कहा कि बाइक के साथ आरोपी चोर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।