गुलरिहा। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में निर्माणाधीन फैसिलिटी सेंटर की पांचवीं और छठी मंजिल से चोरों ने कॉपर वायर काटकर चोरी करने की कोशिश की। तारों से भरी बोरी नीचे फेंकने की आवाज सुनकर गार्ड और मजदूर जग गए। उन्हें आता देख दो आरोपी मौके से भाग निकले। निर्माण एजेंसी के अनुसार तार काटने से करीब 15 लाख रुपये का कॉपर वायर बेकार हो गया।
बीआरडी के आईसीएमआर भवन के पास एमबीबीएस की 50 अतिरिक्त सीटों के लिए फैसिलिटी सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। यहां इन दिनों वायरिंग का काम चल रहा है। साईं एसोसिएट के मुताबिक 28 सितंबर की रात करीब ढाई बजे दो अज्ञात लोग पांचवीं और छठी मंजिल पर पहुंचे। दोनों ने बिजली बोर्ड से वायरिंग के तार काटकर बोरी में भर लिए। बोरी नीचे फेंकने पर तेज आवाज हुई तो गार्ड और मजदूर मौके पर पहुंचे। उन्हें देख दोनों भाग निकले।
मौके से तारों से भरी एक बोरी बरामद हुआ। बोरी में एक से 15 एमएम तक के विभिन्न आकार के तार थे। निर्माण एजेंसी ने बीआरडी प्रशासन और गुलरिहा पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी जेपी पाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।