आपस में विवाद होने पर कांशीराम आवास की महिलाओं को बुलाने पर उग्र हुई महिलाओं ने चिड़ियाघर चौकी में तोड़फोड़ की। इस दौरान पुलिस ने सख्ती की तो महिलाओं ने पथराव शुरू कर दिया, जिसमें एक महिला पुलिसकर्मी का सिर फट गया। 28 अगस्त की रात हुई इस घटना में महिला दरोगा की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस अफसरों ने इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, महिला दारोगा ममता मिश्रा ने रागढ़ताल थाना प्रभारी को दी तहरीर में लिखा है कि 28 अगस्त को वह सिपाहियों के साथ कांशीराम शहरी आवासीय योजना में गश्त कर रही थीं। वहां रहने वाली सपना, अंशु, मीना उर्फ छोटी और उर्मिला आपस में झगड़ा कर रही थीं। समझाने का प्रयास करने पर उग्र हो गईं। मामला बढ़ने पर थाने से महिला आरक्षी शिखा सिंह व आरती श्रीवास्तव को बुलाया।
मारपीट करने वाली महिलाओं को चिड़ियाघर पुलिस चौकी पर लाकर बातचीत कर लड़ाई करने की वजह पूछा, तो उलझ गईं। थोड़ी देर में ही वहां पर बड़ी संख्या में महिलाएं जुड़ गई और अचानक पुलिस वालों से हाथापाई करते हुए पथराव करने लगी। पुलिस चौकी में जमकर तोड़फोड़ करने के साथ ही हमला कर आरक्षी आरती श्रीवास्तव का सिर फोड़ दिया।
चौकी प्रभारी के विश्राम कक्ष में सिपाहियों के साथ खुद को बंद कर उन्होंने सुरक्षित किया। शहर की चौकी में इस तरह की वारदात होने के बाद पुलिस ने मामले को दबा दिया और एक दिन बाद केस दर्ज किया। एसएसआई कमलेश ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है, अन्य की तलाश की जा रही है।