गोरखपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां हरपुर बुदहट इलाके के एक गांव में शादी के 12 दिन बाद युवक पूर्व प्रेमिका से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।
पूर्व प्रेमिका का आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर कई साल तक दुष्कर्म किया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक, गीडा थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र में अपने ननिहाल में काफी दिनों से रहती थी। इसी बीच गांव के ही युवक से प्यार हो गया। आरोप है कि युवक शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करता रहा और अश्लील वीडियो बनाया, जब युवती शादी का दबाव बनाती तो वीडियो वायरल करने की धमकी देकर चुप करा देता था।
31 मई को युवक ने शादी कर ली। युवक के इस कदम से नाराज युवती ने पुलिस की मदद ली। हरपुर बुदहट पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश में जुटी थी। रविवार को गिरफ्तार कर पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया।