बस्ती। ओ लेवल और ट्रिपल सी कंप्यूटर प्रशिक्षण के लिए आवेदन शुरू हो गया है। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग में ऐसे छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकते हैं जो ओबीसी वर्ग के आते हैं। आवेदन करने का समय 10 जुलाई तक निर्धारित किया गया है। सेवायोजन विभाग के निशुल्क कोचिंग संस्थानों में लेखपाल, ग्राम विकास अधिकारी और क्लर्क की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश सरकार के रोजगार मिशन के तहत पिछड़ा वर्ग के युवाओं को ओ-लेवल और सीसीसी का निशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण मिलेगा। इच्छुक युवा 10 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन obccomputertraining.upsdc.gov.in पर कर सकते हैं।
इसके बाद आवेदनपत्र की हार्ड कॉपी, शैक्षणिक प्रमाण पत्र की प्रति पिछड़ा वर्ग समाज कल्याण विभाग में भी जमा करनी होगी। जिला पिछड़ा वर्ग अधिकारी रेखा गुप्ता ने बताया कि आवेदनों की स्क्रीनिंग के बाद एक अगस्त से ऑनलाइन कक्षाएं शुरू होंगी।
यह प्रशिक्षण ओबीसी युवाओं को लेखपाल, ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ), जूनियर असिस्टेंट और क्लर्क जैसी सरकारी नौकरियों में मदद करेगा। यह सर्टिफिकेट निजी क्षेत्र में डेटा एंट्री ऑपरेटर, फ्रंट डेस्क एग्जीक्यूटिव या रिसेप्शनिस्ट जैसे पदों के लिए युवाओं के बायोडाटा को भी मजबूत करेगा।
प्रशिक्षण से बुनियादी कंप्यूटर ज्ञान, दस्तावेज ड्राफ्टिंग, डेटा प्रबंधन और एक्सेल के बुनियादी सूत्र की जानकारी मिलेगी। पिछले साल 150 युवाओं को प्रशिक्षित किया गया था।
बताया कि आवेदन के बाद जनपद को इस साल के लिए लक्ष्य जारी किया जाएगा। जिले में तीन सेंटर नामित किए गए हैं, केपीएस ग्रुप मिश्रौलिया, इंस्टीट्यूट ऑफ कंप्यूटर कटरा, इंस्टीट्यूट कंप्यूटर सेंटर मालवीय रोड शामिल हैं। यहां पर पढ़ाई होगी।