कोरोना संक्रमण से बचाव का तीसरा नया टीका जायकोव-डी जिले के पांच ब्लॉकों (सरदारनगर, कैंपियरगंज, चरगांवा, खोराबार और पिपरौली) और शहर की 15 प्लानिंग यूनिट से लगना शुरू होगा। इस दर्द रहित टीके को 30 टीमें लगाएंगी। संबंधित ब्लॉकों की एएनएम समेत शहरी क्षेत्र की 30 एएनएम को सीएमओ कार्यालय के प्रेरणा श्री सभागार में शुक्रवार को प्रशिक्षित किया गया। यह टीका उन्हीं लोगों को लगाया जाएगा, जिन्होंने अब तक कोरोनारोधी टीका नहीं लगवाया है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लूएचओ) के सर्विलांस मेडिकल ऑफिसर डॉ. संदीप पाटिल ने सभी एएनएम को प्रशिक्षित किया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ नीरज कुमार पांडेय ने बताया कि सुई से डरने वालों के लिए, यह दर्द रहित टीका सबसे बेहतर उपाय है। जायकोव-डी को 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों को 28 दिन के अंतराल पर डिस्पोजेबल जेट एप्लीकेटर या फार्मा जेट इंजेक्टर के माध्यम से लगाया जाएगा। जायकोव-डी के हर डोज के बीच कम से कम 28 दिन का अंतराल रहेगा।
यह पहला ऐसा टीका है, जिसमें तीन डोज लेनी है। इस टीके को एप्लीकेटर से लगाया जाएगा, इससे वैक्सीन लगाने में दर्द नहीं होता, साथ ही अन्य तरह के प्रतिकूल प्रभाव से भी बचा जा सकता है। जिले को इस टीके की करीब तीन लाख डोज मिलनी है और तीस फार्माजेट भी मिले हैं। यह टीका फिलहाल प्रदेश के 14 जिलों में ही लगाया जाना प्रस्तावित है। इसमें गोरखपुर भी शामिल हैं।