गोरखपुर। सड़क दुर्घटना पीड़ितों को जल्द न्याय दिलाने के लिए गोरखपुर में एक और मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (एमएसीटी) कोर्ट खोलने की पहल की गई है। सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के मंत्री अनुज अस्थाना ने इस संबंध में उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह से बातचीत की है। अस्थाना के मुताबिक, परिवहन मंत्री ने नया कोर्ट खोलने के लिए आश्वासन दिया है।
अनुज अस्थाना ने बताया कि वर्तमान में एक ही कोर्ट में मोटर दुर्घटना मुआवजे से जुड़े मामलों की सुनवाई होने के कारण वादकारियों को अगली तारीख के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुकदमों के निस्तारण में हो रही देरी के कारण दुर्घटना पीड़ितों और उनके परिजनों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एक और एमएसीटी कोर्ट खुलने से मामलों की सुनवाई में तेजी आएगी और दुर्घटना पीड़ितों को मुआवजे के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। साथ ही मुकदमों का भार भी कम होगा।