गोरखपुर रामगढ़ताल के किनारे एक और होटल बनेगा। इसके लिए पैडलेगंज से नौकायन मार्ग पर चंपा देवी पार्क के पास 2.35 एकड़ भूखंड को चिह्नित किया गया है। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) पहले यहां फूड पार्क विकसित करने वाला था। मगर अब होटल के लिए जमीन आवंटित करने का निर्णय किया गया है।
बुधवार को आवेदन आमंत्रित किए गए हैं जिसकी आखिरी तिथि सात फरवरी है। यह जमीन ई-नीलामी के जरिये आवंटित की जाएगी। पैडलेगंज बुद्ध द्वार से प्रवेश करते ही लोटस होटल के लिए जमीन आवंटित है। उसके बगल में पांच एकड़ जमीन पर होटल ताज का निर्माण होना है।
होटल मैरिएट का निर्माण तकरीबन पूरा हो चुका है और जल्द ही इसका संचालन शुरू हो सकता है। एक और होटल के लिए जमीन उपलब्ध कराने से यह क्षेत्र होटल लेन के रूप में स्थापित हो जाएगा।
हालांकि लोटस एवं ताज होटल का निर्माण की प्रक्रिया अभी तक शुरू नहीं हो पाई है। जीडीए उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि रामगढ़ताल के किनारे थ्री स्टार होटल के लिए जमीन आवंटित की जाएगी। इसके लिए आवेदन आमंत्रित किया गया है। आवंटन ई-नीलामी के आधार पर होगा।