गोरखपुर शहर के तारामंडल स्थित मॉडल शॉप के वेटर मनीष प्रजापति की हत्या के एक और आरोपी हिमांशु राय को शुक्रवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस घटना में गिरफ्तार हिमांशु नौवां आरोपी है। इसके पहले आठ लोग जेल भेजे जा चुके हैं। हत्या में शामिल चार आरोपीत अब भी फरार चल रहे हैं। 6 फरवरी को मुख्य आरोपी विशाल विश्वकर्मा पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की गई थी।
हिमांशु राय उर्फ प्रवीण मूलरूप से बांसगांव के जयंतीपुर, कौड़ीराम का निवासी है। वर्तमान में वह रागढ़ताल के गोपलापुर में रहता है। शुक्रवार को पुलिस ने देवरिया बाईपास से उसे गिरफ्तार किया। जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश के रीवा जिला के पनगढ़ी निवासी मनीष प्रजापति तारामंडल में स्थित मॉडल शॉप की कैंटीन में वेटर था।
30 सितंबर 2021 की शाम मुफ्त में शराब न पिलाने पर बदमाशों ने पीटकर मनीष की हत्या कर दी थी। मॉडल शॉप में लगे सीसी कैमरे में आरोपियों के चेहरे कैद हो गए थे। फुटेज की मदद से पहचान कर पुलिस ने खोराबार निवासी विशाल विश्वकर्मा, सिंघड़िया निवासी युवराज पांडेय समेत 8 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। चौकी इंचार्ज आजाद चौक विशाल उपाध्याय ने बताया कि हत्या में शामिल चार आरोपी अभी फरार हैं, उनकी तलाश की जा रही है।
6 फरवरी को रासुका के तहत हुई थी कार्रवाई
मॉडल शॉप के कर्मचारी की पीट-पीटकर हत्या करने वाले आरोपियों पर एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने रासुका की कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। रामगढ़ताल पुलिस की रिपोर्ट पर डीएम ने गोरखपुर जेल में बंद विशाल विश्वकर्मा पर 6 फरवरी को रासुका की कार्रवाई की है।