- पीपीगंज के बंजारा टोला का रहने वाला है रहसुल
संवाद न्यूज एजेंसी
भरोहिया। पीपीगंज थानाक्षेत्र में एसओजी टीम पर हमले के आरोपी पशु तस्कर रहसुल को पीपीगंज थाना पुलिस ने मंगलवार को क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से पशु तस्करी के मामले में वांछित था।
18 नवंबर को एसओजी टीम सादी वर्दी में आरोपी को पकड़ने उसके घर पहुंची थी। पकड़े जाने पर उसने बदमाश-बदमाश कहकर शोर मचाना शुरू कर दिया। जिसे सुनकर टोले के महिला-पुरुष बाहर आए और एसओजी टीम से कहासुनी और हाथापाई करने लगे। इसी बीच महिलाओं ने दो सिपाहियों को दांत से काट लिया, जिससे वे घायल हो गए। इसका फायदा उठाते हुए आरोपी रहसुल मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंची पीपीगंज पुलिस ने किसी तरह से स्थिति को संभाला और टीम को वहां से ले आई। अगले दिन मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 40 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसमें चार लोगों को चिन्हित करते हुए प्राथमिकी दर्ज किया और गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया। मुख्य आरोपी रहसुल की तलाश चल रही थी। थाना प्रभारी अरुण सिंह ने बताया कि पुलिस ने घेराबंदी कर नवनिर्मित अंडरग्राउंड के पास से आरोपी तस्कर को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया जहां उसे उसे जेल भेज दिया गया।