-नगर निगम में धरना-प्रदर्शन कर सरकार पर बोला हमला
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। आंगनबाड़ी संयुक्त मोर्चा के बैनर तले प्रदेश अध्यक्ष गीतांजलि मौर्य व गीता पांडेय के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने अपनी मांगों को लेकर नगर निगम पार्क में धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। मांगे नहीं माने जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
प्रदेश अध्यक्ष गीतांजलि मौर्या ने कहा कि वह वे महिलाएं हैं जो गांव-गांव जाकर गर्भवती, माताओं और मासूम बच्चों की चिंता करती हैं, लेकिन जब बात अपने बच्चों की आती है तो उनके भविष्य की चिंता हमें रात-रात भर सोने नहीं देती। उन्होंने कहा कि हमारा मानदेय इतना नहीं कि हम अपने बच्चों को सम्मानजनक शिक्षा दे सकें। कई बहनें पूरी जिंदगी सरकार की सेवा में खपा चुकी हैं, लेकिन सेवानिवृत्ति के बाद न पेंशन है, न सहारा है। बीमारी के समय इलाज के अभाव में वे टूट रही हैं, परिवार आर्थिक तंगी से बिखर रहे हैं। क्या यही उस महिला का सम्मान है, जो सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाती है?।
उन्होंने तल्ख लहजे में कहा कि हमसे ऑनलाइन काम, सर्वे, टीकाकरण, पोषण, चुनाव और हर विभाग में काम लिया जाता है, लेकिन जब बात हमारे अधिकारों की आती है तो केवल आश्वासन मिलते हैं। अब यह लड़ाई हमारे स्वाभिमान, परिवार और भविष्य की है। यदि शीघ्र निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रदर्शन में संगीता आर्या, मालती देवी, चिंता देवी, नूतन राय, सपना सिंह, पुष्पा मिश्रा, बिंदु देवी, प्रियंका, नीलम सिंह, सुमन गुप्ता, पूनम चौधरी, अनीता सिंह, नीलम पांडेय आदि शामिल रहीं।