गोरखपुर। चीन-तिब्बत सीमा से सटे नेपाल के रसुवा जिले में भारी बारिश के बाद ग्लेशियर टूटने से आई भीषण बाढ़ ने पूरे नेपाल में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। घटना के बाद गोरखपुर में रह रहे लोग नेपाल में बसे अपने परिजन की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और लगातार उनका हालचाल ले रहे हैं।
काठमांडो में रहने वाली वंदना ने बताया कि उनके इलाके से पानी अभी काफी दूर है लेकिन घटना के बाद परिवार सहित आसपास के लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि सभी लोग सतर्क हैं और लगातार खबरें सुन रहे हैं। मन में असुरक्षा का भाव घर कर गया है। नेपाल के रुपनदेही में रहने वाले अष्टभुजा राय ने बताया कि वे जोखिम वाले क्षेत्रों से दूर हैं फिर भी बाढ़ की घटना ने सबके मन में डर पैदा कर दिया है। उन्होंने कहा कि आसपास के लोग भी चिंतित हैं और अपने परिजनों की सुरक्षा को लेकर लगातार संपर्क में बने हुए हैं।