- बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नवनियुक्त प्राचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने बताईं प्राथमिकताएं
गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में नवनियुक्त प्राचार्य प्रोफेसर डाॅ. धर्मेंद्र कुमार ने अपनी प्राथमिकताओं और सुधार योजनाओं को स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा कि परिसर में निजी एंबुलेंस के प्रवेश पर रोक लगाई जाएगी ताकि अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था को नियंत्रित किया जा सके। इससे आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली अधिक सुचारु और सुरक्षित होने की उम्मीद है।
प्रोफेसर डाॅ. धर्मेंद्र कुमार वर्तमान में सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज, आगरा के ईएनटी विभाग में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं और जल्द ही बीआरडी मेडिकल कॉलेज में कार्यभार ग्रहण करेंगे। अमर उजाला से विशेष बातचीत में उन्होंने बताया कि कॉलेज प्रशासन को शासन की स्वास्थ्य नीतियों के अनुरूप अधिक पारदर्शी और मरीज-केंद्रित बनाया जाएगा।
प्राचार्य ने यह भी कहा कि मरीजों को दवाओं के लिए बाहर भटकना न पड़े, इसके लिए अस्पताल परिसर के भीतर ही सभी आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। डॉक्टरों को निर्देश दिए जाएंगे कि वे केवल वही दवाएं लिखें जो अस्पताल में उपलब्ध हों या फिर अमृत फार्मेसी और जनऔषधि केंद्रों पर आसानी से मिल सकें। इससे मरीजों पर आर्थिक बोझ कम होगा और इलाज की प्रक्रिया तेज होगी।
उन्होंने अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों और तीमारदारों के बीच होने वाली मारपीट और तनाव की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे। सुरक्षाकर्मियों की तैनाती और निगरानी प्रणाली को भी बेहतर किया जाएगा।
डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने स्पष्ट किया कि अस्पताल प्रशासन का मुख्य लक्ष्य मरीजों को बेहतर, सुरक्षित और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना होगा। उन्होंने कर्मचारियों से नियमित रूप से अपने कर्तव्यों का पालन करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने की अपील की है। वर्तमान में नेत्र विभाग के डॉ. रामकुमार कार्यवाहक प्राचार्य के रूप में सेवाएं दे रहे थे।