शहरवासियों को सेहतमंद बनाने के लिए अमर उजाला फाउंडेशन का हेल्थ रथ शनिवार को जुबिली स्कूल के सामने, चित्रगुप्त मंदिर के बगल में पहुंचा। यहां चिकित्सकों ने मरीजों के सेहत की जांच करते हुए रोगों से बचाव के तरीके भी बताए। इस बीच फाउंडेशन की ओर से उपलब्ध कराई गई दवाओं को लोगों में मुफ्त बांटा गया। डॉक्टरों की टीम ने कोरोना वायरस से बचाव के तरीके भी बताए। प्रतिष्ठित ओम डेंटल क्लीनिक, कालिंदी हॉस्पिटल एवं ट्रॉमा सेंटर और मित्तल आई हॉस्पिटल केडॉक्टरों की टीम ने 114 मरीजों के सेहत की जांच की।
ओम डेंटल क्लीनिक के डॉ. मुदित गुप्ता ने बताया कि 85 प्रतिशत लोग मौजूदा दौर में दांतों की बीमारियों से पीड़ित हैं। लेकिन जागरूकता के अभाव में वे दांतों का ख्याल नहीं रखते हैं। कहा कि जिनके मुंह में दांत नहीं हैं उनमें इम्प्लांट के जरिए दांत फिक्स किया जा सकता है। डॉ. मुदित ने कहा कि कोरोना वायरस से बचने का सबसे बेहतर तरीका है, जागरूकता।
अपने आसपास सफाई जरूर रखें। मित्तल आई हॉस्पिटल के डॉ. अमित मित्तल ने आंखों की देखभाल के तरीके बताते हुए बदलते मौसम में सतर्कता बरतने को कहा। कालिंदी हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर के डॉ. एसके श्रीवास्तव, डॉ. कफील ने शिविर में आए लोगों की जांच करते हुए उन्हें उचित परामर्श दिए। डॉक्टरों ने बताया कि बीपी, शुगर के ज्यादा मरीज आए थे। ऐसे मरीज बदल रहे मौसम से बचें। इस बीच कुल 133 मरीजों का चेकअप हुआ और उन्हें दवाएं दी गईं।
डॉक्टरों ने कोरोना वायरस से बचाव के तरीके बताते हुए साबुन से हाथ धुलने की सलाह दी। कहा कि सफाई पर विशेष जोर देकर बीमारी से बचा जा सकता है। इस मौके पर डॉ. ब्रज मिश्र, डॉ. रुमान लारी, साइना, आयुष का शिविर के आयोजन में विशेष भूमिका रही।