सहजनवां (गोरखपुर)। सीबीएसई के हाईस्कूल परिणाम के बाद जहर खाने से छात्रा की मौत के मामले में पुलिस ने पिता दुर्गेश धर दुबे को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद उसे शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया। छात्रा की मां की तहरीर पर दर्ज प्राथमिकी में आरोप है कि कम नंबर आने पर पिता ने बेटी को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए उकसाया था।
जानकारी के अनुसार, सहजनवां थाना क्षेत्र के तिलौरा निवासी 16 वर्षीय पुत्री आराध्या दुबे नगर पंचायत स्थित एक निजी स्कूल में हाईस्कूल की छात्रा थी। उसने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में 78 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। मां अंकिता दुबे ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि परीक्षा परिणाम आने के बाद पति दुर्गेश धर दुबे ने बेटी को कम नंबर मिलने पर बुरी तरह प्रताड़ित किया। लगातार डांट-फटकार और मानसिक दबाव के कारण छात्रा ने बृहस्पतिवार को जहर खा लिया, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की और शुक्रवार को तिलौरा-जसवल मार्ग स्थित एक निजी पीजी कॉलेज गेट के सामने से उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इस संबंध में थाना प्रभारी महेश चौबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।