कैंट थाना क्षेत्र का मामला, खाते से लाखों रुपये गायब
गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र स्थित पार्क रोड पर यस बैंक की शाखा में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। शाखा प्रबंधक समेत तीन कर्मचारियों पर ग्राहक के खाते से लाखों रुपये गायब करने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगा है। मामले में कोर्ट के आदेश पर कैंट पुलिस ने शाखा प्रबंधक कृष्ण मोहन पांडेय, कर्मचारी विवेक पांडेय और प्रिया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, खजनी क्षेत्र के चोतरवा निवासी रणजीत सिंह जयश्री लक्ष्मी गृह उद्योग (सेक्टर-15, गीडा) के प्रोपराइटर हैं। उन्होंने बताया कि उनका खाता पार्क रोड स्थित शाखा में है। 22 जून 2025 को उन्होंने अपने खाते से 81 हजार रुपये अपनी मां के खाते में ट्रांसफर किए थे। इसके अगले दिन यूपीआई स्कैनर लगाने के लिए शाखा प्रबंधक से संपर्क किया, जिनके निर्देश पर बैंक कर्मचारी स्कैनर लेकर पहुंचे और टेस्ट के लिए एक रुपये का ट्रांजेक्शन कराया गया।
पीड़ित का आरोप है कि 15 जुलाई को अचानक उनके मोबाइल का नेटवर्क बंद हो गया। नया सिम लेने के बाद जब उन्होंने 17 जुलाई को बैंकिंग सेवाओं का उपयोग करना चाहा तो लॉगिन नहीं हो सका। शाखा प्रबंधक ने यूजर आईडी में समस्या बताई। 18 जुलाई को ट्रांसपोर्टनगर में बैंक कर्मियों ने उनका मोबाइल लेकर एप डाउनलोड कर लॉगिन किया, जिसके तुरंत बाद खाते में 4.47 लाख रुपये माइनस दिखने लगे। शाम तक यह रकम बढ़कर 5.07 लाख रुपये हो गई।
आरोप है कि बाद में खाते को साइबर शिकायत का हवाला देकर बंद कर दिया गया, जबकि वास्तविकता में साजिश के तहत मोबाइल की जानकारी लेकर स्कैनर के जरिये रकम निकाली गई। पीड़ित के अनुसार, खाते में कुल घाटा 20 लाख रुपये से अधिक पहुंच गया। कैंट इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।