गोरखपुर एम्स (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान) गोद लिए गांवों (डुमरी खास और खोराबार के शिवपुर) में छह अक्तूबर से ओपीडी शुरू करेगा। सप्ताह में दो दिन कम्यूनिटी मेडिसिन की टीम ग्रामीणों का इलाज करेगी। जरूरत के मुताबिक उन्हें एम्स में बुलाया जाएगा। इसमें स्वास्थ्य विभाग की टीम का विशेष सहयोग रहेगा।
सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने बताया कि दोनों गांव में विभाग के स्वास्थ्य केंद्र हैं। रंगाई-पुताई से लेकर सारे काम विभाग की ओर से करा दिए गए हैं। छह अक्तूबर से एम्स की कम्यूनिटी मेडिसिन की टीम मरीजों की जांच करेगी। शुरुआत में मंगलवार और शुक्रवार को मरीजों की जांच की जाएगी। मरीजों की संख्या अधिक होने पर अन्य विकल्प इस्तेमाल में लाए जाएंगे।
रजिस्ट्रेशन होने पर साल भर करा सकेंगे इलाज
मरीज को एक बार 30 रुपये खर्च करके ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा। दोनों गांव के जिस व्यक्ति का रजिस्ट्रेशन एक बार हो जाएगा। वह साल भर उसी कार्ड पर एम्स में अपना इलाज करा सकेगा। एम्स प्रशासन की ओर से यह प्रक्रिया भी गांव में ही की जाएगी।