प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक (एडेड) विद्यालयों की संपत्ति से जुड़े विवादों के निपटारे के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने अनूठी पहल की है। इसके तहत अब सभी एडेड विद्यालयों को उनकी संपत्तियों का ब्योरा परिषद के पोर्टल (upmsp) पर अपलोड किया जाएगा। महज एक क्लिक पर विद्यालय से जुड़ी समस्त जानकारी को ऑनलाइन देखा जा सकेगा। इसे लेकर परिषद का आदेश गोरखपुर पहुंच गया है।
आदेश के मुताबिक विद्यालयों को उनकी चल-अचल संपत्ति, कक्षों की संख्या, बच्चों की संख्या, कितना अनुदान किस निधि से मिला उसका कितना खर्च हुआ। फीस का ब्योरा, शिक्षकों- कर्मचारियों का ब्योरा, फर्नीचर, इमारत आदि के अलावा शिक्षण विषय, वित्तीय स्थिति, विद्यालय में दुकानें आदि तो नहीं हैं, हैं तो कितनी हैं, कितना किराया आता है। इनकी जानकारी अपलोड करनी है। जानकारी न देने वाले विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डीआईओएस ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि जानकारी अपलोड करने का काम शुरू हो गया है। अगले सप्ताह तक इसे खत्म कर लिया जाएगा।